Friday, April 29, 2011
आफिसर एसो.ने डीजीपी के समक्ष रखे हालात
धनबाद, जागरण संवाददाता : कुसुंडा एरिया ऑफिस, विकास भवन सहित धनसार कोलियरी कार्यालय में आगजनी व तोड़फोड़ से बीसीसीएल अधिकारी सहमे हुए हैं। वारदात के बाद अधिकांश अधिकारियों ने अपने परिजनों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर दिया है। यह कहना है नेशनल कोल माइंस ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखदेव नारायण का। सुखदेव नारायण कुसुंडा एरिया आफिस पहुंचे थे। बातचीत में उन्होंने कहा कि अधिकारियों के लगातार फोन आ रहे हैं। यहां पहली बार इस तरह की घटना घटी, जिससे अधिकारी भयभीत हो गये हैं। अधिकारियों के घरों पर हमला हुआ है, इससे अधिकारी रात में अपने घरों में रहने से डर रहे हैं। ऐसी स्थिति में अधिकारियों का काम करना मुश्किल है। अधिकारियों को बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से सुरक्षा मुहैया कराने की कवायद चल रही है। इस बाबत डीजीपी व सीएमडी से फोन बात हुई है। कोयला मंत्रालय से भी संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों को पुख्ता सुरक्षा दिलाने के लिए केंद्र सरकार हस्तक्षेप कर राज्य सरकार से बात करे। कर्फ्यू के बाद स्थिति का आकलन करेंगे। अधिकारियों से अपील है वो संयम से रहें और जांच में सहयोग करें।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment