सब हेड - सुबह 7 से शाम 7 बजे तक राहत, स्थिति की समीक्षा आज फिर
--------------
अतिक्रमण की आंच
- धारा 144 लागू, धरना-प्रदर्शन व जुलूस पर प्रतिबंध
- 81 केंद्रों पर आज होगी इंटर की परीक्षा
- 1 मई को तय समय पर होगी एआइईईई
- सरकारी स्कूल व कॉलेज सहित अन्य कार्यालय खुलेंगे
- सोमवार को खुलेंगे निजी स्कूल
धनबाद, जागरण संवाददाता : पुलिस फायरिंग में चार लोगों की मौत के बाद जनाक्रोश को नियंत्रित करने के लिए लगाये गये कर्फ्यू के तीसरे दिन शुक्रवार को धनबाद नगर निगम और बाघमारा थाना क्षेत्र में शांति बनी रही। शुक्रवार की सुबह सात बजे से नौ बजे और दोपहर बाद दो बजे से पांच बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई। ढील के दौरान कर्फ्यू प्रभावित धनबाद, झरिया, सिंदरी, कतरास, बाघमारा आदि क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की कोई हिंसक और अप्रिय घटना नहीं घटी। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार को दिन का कर्फ्यू उठाने की घोषणा की है। शनिवार की सुबह सात बजे से रात सात बजे तक कर्फ्यू नहीं रहेगा। इस दौरान धारा 144 लागू रहेगी और धरना, प्रदर्शन और जुलूस पर प्रतिबंध रहेगा।
धनबाद की विधि-व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त नितिन मदन कुलकर्णी, उपायुक्त सुनील कुमार वर्णवाल, आइजी मनोज मिश्र, डीआइजी उमेश सिंह, एसपी आरके धान ने शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। दुबारा शाम को सात बजे उपायुक्त ने पुलिस प्रशासन के तमाम बड़े अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।
बैठक के बाद उपायुक्त ने पत्रकारों को बताया कि शनिवार की रात आठ बजे फिर से स्थिति की समीक्षा की जाएगी। स्थिति सामान्य होने पर कर्फ्यू हटा लिया जाएगा। शनिवार को दिन में कर्फ्यू नहीं रहेगा। इस दौरान असामाजिक और शरारती तत्वों पर नजर रहेगी ताकि कोई गड़बड़ी न हो। उपायुक्त ने कहा कि शनिवार को जिले के 81 निर्धारित केंद्रों पर इंटर की परीक्षा होगी। सामान्य दिनों की तरह सरकारी स्कूल, कॉलेज, बैंक, पोस्टऑफिस और अन्य कार्यालय खुलेंगे। शादी समारोह में दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। माडा की हड़ताल के कारण जलापूर्ति बाधित रहने पर कहा कि टैंकर से नगर निगम क्षेत्र में आपूर्ति की जा रही है। तिलाटांड से तेतुलिया और कतरास क्षेत्र में जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। माडा के जामाडोबा जलसंयंत्र को चालू करने के लिए आउटसोर्सिग का सहारा लिया जा रहा है।
परीक्षार्थियों को राहत : जिले में इंटरमीडिएट के 28 हजार परीक्षार्थियों के लिए राहत की खबर है। जिला प्रशासन ने शनिवार को द्वितीय पाली में होने वाली इलेक्टिव लैंग्वेज व एडिशनल लैंग्वेज परीक्षा कराने की छूट दे दी है। परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र जाने से रोका नहीं जाएगा। उनके पास प्रवेश-पत्र होना चाहिए। वहीं एआइईईई भी 1 मई को तय समय पर निर्धारित केंद्रों में होगी। एआइईईई के को-ऑर्डिनेटर केसी श्रीवास्तव शुक्रवार को उपायुक्त से मिले। उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि तय समय और केंद्र पर परीक्षा होगी।
दस केंद्रों में शामिल होंगे 15 हजार परीक्षार्थी : सीबीएसई की आयोजित इस परीक्षा के लिए धनबाद में दस परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर धनबाद और आस-पास जिलों के 15 हजार परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। एआइईईई क्रैक करने के बाद परीक्षार्थियों के पास एनआइटी जमशेदपुर, बीआइटी मेसरा रांची, एनआइएफएफटी रांची और बीआइटी एक्सटेंशन काउंटर जसीडीह विकल्प के तौर पर खुले रहेंगे।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा : एआइईईई के लिए धनबाद में केंद्रीय विद्यालय-1, डीएवी कोयला नगर, डीएवी सीएफआरआइ, डीएवी बनियाहीर, सरस्वती विद्या मंदिर भूली, दिल्ली पब्लिक स्कूल धनबाद, धनबाद पब्लिक स्कूल, दून पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल और राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर केंद्र बनाए गए हैं।
सरकारी स्कूल खुलेंगे : शनिवार को जिले के सभी सरकारी स्कूल संचालित होंगे। स्कूल सुबह 8:00 बजे से 11:30 बजे तक खुलेंगे। वहीं निजी स्कूल सोमवार को खुलेंगे।
No comments:
Post a Comment